एक महिला को घर और बच्चों के साथ-साथ अपने काम को करते हुए कई चीजों से गुजरना पड़ता है. प्रधानमंत्रियों से लेकर नौकरशाहों तक, महिलाओं को अपने बच्चों को कार्यालय ले जाते हुए देखा गया है. उनकी मल्टी-टास्किंग कोशिशों की कई सोशल मीडिया यूजर्स ने भी सराहना की है. अब, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में ओडिशा में एक सफाई कर्मचारी अपने बच्चे को पीठ पर बिठाए हुए सड़क की सफाई करती दिखाई दे रही है.
इस वीडियो को न्यूज एजेंसी एएनआई ने अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है, जिसके मुताबिक इस महिला सफाई कर्मचारी का नाम लक्ष्मी मुखी है, जो मयूरभंज में सड़क पर सफाई का काम करती है. सफाई कर्मचारी ने एएनआई को बताया, “मैं पिछले 10 वर्षों से बारीपदा नगर पालिका में काम कर रही हूं. मैं अपने घर में अकेली हूं, इसलिए मुझे अपने बच्चे को अपनी पीठ पर लेकर काम करना होता है. यह मेरे लिए कोई परेशानी नहीं है, बल्कि यह मेरा कर्तव्य है.”
#WATCH | Odisha: A lady sweeper, Laxmi cleans the road in Mayurbhanj district with her baby tied to her back. pic.twitter.com/g7rs3YMlFn
— ANI (@ANI) May 29, 2022
उनकी दुर्दशा के बारे में पूछे जाने पर बारीपदा नगर पालिका के अध्यक्ष बादल मोहंती ने कहा कि लक्ष्मी मुखी कुछ व्यक्तिगत कारणों से बच्चे को अपने साथ रखती हैं. मोहंती ने एएनआई को बताया, “मैंने अपने अधिकारियों को उसकी जरूरतों पर नजर रखने का निर्देश दिया है, अगर कोई समस्या है तो हम उसकी सहायता करेंगे.”
खबर लिखे जाने तक वीडियो को ट्विटर पर दो लाख से ज्यादा व्यूज और 7,400 से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं, कई यूजर्स महिला की बहादुरी की तारीफ भी कर रहे हैं. एक यूजर ने ट्वीट किया, “मैं इस महिला की प्रतिबद्धता को नमन करता हूं! इंडिया जो कि भारत है, उसके होने के पीछे ऐसे ही असंख्य प्रतिबद्ध पेशेवरों की कामयाब कोशिश है. वह सही मायने में एक प्रेरणा है, जो कि बॉलीवुड की सभी तरह की चीजों से कहीं बेहतर है!”
