एशिया कप 2022 (Asia Cup 2022) का पहला सुपर फोर मुकाबला बीते शनिवार को श्रीलंका और अफगानिस्तान (Sri Lanka vs Afghanistan) के बीच शारजाह में खेला गया. इस रोमांचक मुकाबले में श्रीलंकाई टीम को चार विकेट से जीत मिली. मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच गहमागहमी भी देखा गया. इस दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है.

दरअसल अफगान टीम के लिए 17वां ओवर राशिद खान (Rashid Khan) डालने आए. उनके इस ओवर की पहली ही गेंद पर श्रीलंकाई बल्लेबाज दनुष्का गुनाथिलका (Danushka Gunathilaka) ने जोरदार रिवर्स शॉट लगाते हुए चौका जड़ा. इसके बाद वह जोश में राशिद के सामने कुछ बड़बड़ाते हुए नजर आए.

गुनाथिलका के इस व्यवहार से राशिद भी अपना आपा खो बैठे, और उन्हें भी अपना गुस्सा जाहिर करते हुए देखा गया. हालांकि राशिद के उग्र रूप को देखते ही गुनाथिलका ने स्थिति को भांप लिया और चुप्पी साध ली और सॉरी कहते हुए बल्लेबाजी के लिए लौट गए. इस बीच मैदान में राशिद को अंपायर के साथ भी बातचीत करते हुए देखा गया.

अफगान स्टार स्पिनर ने अपने इस ओवर की चौथी गेंद पर गुनाथिलका को बोल्ड करते हुए हिसाब भी चुकता किया. दरअसल राशिद के खिलाफ एक बार फिर गुनाथिलका ने स्वीप शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन इस बार राशिद चौकन्ना थे. उन्होंने चालाकी से लेंथ बॉल फेंककर बल्लेबाज को बोल्ड कर दिया. इस मुकाबले में गुनाथिलका 33 रन बनाने में कामयाब रहे. वहीं राशिद को एक सफलता हाथ लगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *