रिया कुमारी झारखंड में खोरठा और क्षेत्रीय भाषाओं के अलबम में ईशा आलिया के नाम से काम करती थी।
फिल्म और टीवी जगत पर इन दिनों मानों मुसीबतों के पहाड़ टूट रहे हैं। फैंस अभी टीवी एक्ट्रेस तुनिशा शर्मा की मौत के गम से उबर नहीं पाए हैं कि झारखंड की चर्चित एक्ट्रेस रिया कुमारी इस दुनिया को अलविदा कह गई हैं। पश्चिम बंगाल के हावड़ा में बुधवार (28 दिसंबर) को रिया कुमारी के साथ लूटपाट का प्रयास किया गया। असफल होने पर बदमाशों ने रिया की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रिया के अचानक निधन से फैंस को गहरा सदमा लगा है। बता दें कि रिया झारखंड के लोक सीरियल ‘वह चलचित्र’ की एक्ट्रेस थीं। आइए जानते हैं उनके बारे में..
रिया कुमारी झारखंड में खोरठा और क्षेत्रीय भाषाओं के अलबम में ईशा आलिया के नाम से काम करती थी। झारखंड के लोकल टीवी सीरियल्स के अलावा रिया यूट्यूब पर म्यूजिक वीडियोज को लेकर भी खूब मशहूर थीं। उनके डांस के फैंस दीवाने थे।

रिया के परिवार में उनके पति प्रकाश कुमार और एक तीन वर्षीय बेटी है। रिया कुमारी अपने पति और बेटी के साथ ही कार से कोलकाता जा रही थीं, जिस वक्त उनके साथ यह हादसा हुआ। रिया की अचानक मौत से उनके चाहने वालों को तगड़ा झटका लगा है। वहीं तीन वर्ष की मासूम उम्र में एक्ट्रेस की बच्ची के सिर से मां का साया उठ गया है। बता दें कि रिया कुमारी के पति प्रकाश कुमार फिल्म डायरेक्टर हैं। उन्होंने भी कई शॉर्ट और विज्ञापन फिल्मों का निर्माण किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रकाश माइंस का कारोबार भी करते हैं।
बताया जा रहा है कि रिया कुमारी पति प्रकाश कुमार और दो साल की बेटी के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग 16 से कोलकाता की ओर जा रही थी। उसी दौरान यह घटना हुई, जहां बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। पुलिस ने बताया कि करीब सुबह छह बजे रिया कुमारी अपने परिवार के साथ बागनान थाना क्षेत्र में महिष रेखा के पास रुकी थीं। उसी दौरान तीन लोगों ने उन पर हमला कर दिया और सामान लूटने की कोशिश की। अभिनेत्री के पति ने बचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने रिया कुमारी को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने उनकी मदद की और अभिनेत्री को उलुबेरिया के एससीसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रिया कुमारी को मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक रियी की उम्र महज 22 वर्ष थी। इतनी कम उम्र में ही रिया ने झारखंड इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना ली थी। उनके निधन से स्थानीय सिनेमा को गहरा आघात पहुंचा है।
