भारत और बांग्लादेश के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरा मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा. मैच के तीसरे और चौथे दिन जैसे भारतीय टीम के लिए हालात बदले उसने उलटफेर के संकेत दे दिए थे. भला हो श्रेयस अय्यर और आर अश्विन की साझेदारी जिसने टेस्ट में भारत की बांग्लादेश के हाथों पहली हार से उसे बचा लिया. 145 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 74 रन पर 7 विकेट गंवा दिए थे. अश्विन और श्रेयस ने टीम को जीत तक पहुंचाया .
भारत और बांग्लादेश के बीच टेस्ट इतिहास
अब तक भारतीय टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ कुल मीरपुर टेस्ट से पहले 12 मुकाबले खेले थे. दोनों देशों के टेस्ट इतिहास की बता करें तो हर बार भारत ही हावी रहा. बांग्लादेश की टीम को पिछले 12 मुकाबलों में कभी भी जीत का स्वाद चखने का मौका नहीं मिला. साल 2000 से लेकर 2022 बांग्लादेश में भारतीय टीम ने 9 टेस्ट मैच खेले थे. 7 में टीम इंडिया को जीत मिली थी जबकि 2 मुकाबले बांग्लादेश की टीम ड्रॉ कराने में कामयाब हुई थी.
5 बार पारी से जीती टीम इंडिया
मौजूदा दौरे से पहले तक बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट में टीम इंडिया की बादशाहत ही रही. 12 में से 5 मैच में भारत को पारी से जीत मिली थी. 2004 के दौरे पर भारत ने पहले मैच में पारी और 140 रन से जीत हासिल की थी तो दूसरे मुकाबले में पारी और 83 रन से जीत दर्ज की थी.
टेस्ट इतिहास सबसे बड़ी जीत में से एक 2007 में भारतीय टीम ने दर्ज की थी. इस मुकाबले में पारी और 239 रन से जीत हासिल की थी. 2019 में भारत दौरे पर पहुंची बांग्लादेश की टीम को पहले मैच में पारी और 130 रन से हार मिली तो दूसरे मुकाबले में पारी और 46 रन से भारत ने हराया.
