होंडा ने इस महीने अपनी कारों पर फेस्टिवल डिस्काउंट शुरू किया है। वो 27,000 हजार रुपए तक का फायदा दे रही है। खासकर WR-V, जैज (Jazz) और 4th जनरेशन होंडा सिटी पर सबसे ज्यादा डिस्काउंट मिल रहा है। हालांकि, इतने बड़े डिस्काउंट के बाद भी इन कारों को खरीदना घाटे का सौदा बन सकता है। दरअसल, कंपनी इस साल नवंबर तक जैज को हमेशा के लिए बंद कर देगी। वहीं, बचे हुए मॉडल मार्च 2023 तक बंद कर देगी। दरअसल, होंडा जैज और होंडा WR-V की की डिमांड लगातार घट रही है। वहीं, अगस्त में होंडा की ओवरऑल ईयरली सेल 30% घट गई।
होंडा के दो मॉडल अब लोगों के पसंद नहीं
होंडा की जैज और WR-V के लिए ये साल अब तक अच्छा नहीं रहा है। पिछले 5 महीने के दौरान इनके सेल्स के आंकड़ों में जिग-जैग देखने को मिला है। कंपनी महीने में इनकी हजार यूनिट भी नहीं बेच पा रही है। इसी वजह से कंपनी इन दोनों मॉडल को बंद करने जा रही है।
3 मॉडल बंद और 3 की बिक्री होगी
ET ऑटो की एक रिपोर्ट के मुताबिक, होंडा कार्स इंडिया इस फाइनेंशियल ईयर के आखिर तक यानी मार्च 2023 तक अपनी 3 कारों को बंद कर देगी। ये कार 4th जनरेशन सिटी सेडान, जैज हैचबैक और WRV क्रॉसओवर हैं। इनमें से भी जैज को सबसे पहले बंद किया जाएगा। होंडा जैज का प्रोडक्शन अक्टूबर 2022 में बंद हो जाएगा। उसके बाद, होंडा दिसंबर 2022 में 4th जनरेशन सिटी सेडान का प्रोडक्शन और आखिर में मार्च 2023 में WRV क्रॉसओवर का प्रोडक्शन बंद कर देगी। इसका मतलब है कि मार्च 2023 के बाद होंडा कार्स इंडिया केवल भारत में 5th जनरेशन सिटी, सिटी हाइब्रिड और अमेज सेडान ही बेचेगी। हालांकि, भारतीय बाजार में कंपनी SUV सेगमेंट के साथ वापसी कर सकती है। कंपनी इस सेगमेंट पर काम भी कर रही है।
अमेज और सिटी बनी रीढ की हड्डी
होंडा जल्द ही भारतीय बाजार में अपनी SUV उतारने वाली है। माना जा रहा है कि इसका सीधा मुकाबला हुंडई क्रेटा, किआ सेल्टॉस, स्कोडा कुशाक और फॉक्सवैगन टाइगुन जैसी कॉम्पैक्ट C-सेगमेंट SUVs से होगा। इनता ही नहीं, मारुति ग्रैंड विटारा और टोयोटा हाईराइडर से भी इसका मुकाबला होगा। इस समय होंडा के लिए रीढ की हड्डी होंडा अमेज और सिटी है। होंडा के कुल मार्केट शेयर में इनका क्रमशः 50% और 30% योगदान है। वहीं, WR-V 12% और जैज 8% योगदान देती है। होंडा के पास कोई SUV नहीं है, जिसके चलते भी कंपनी को नुकसान हो रहा है। भारत में कुल कार बिक्री में SUV का 32% योगदान है। होंडा के मुताबिक, ये आंकड़ा बढ़कर 40% होने की उम्मीद है।
2023 सीआर-वी का टीजर सामने आ चुका
होंडा ने नई 2023 सीआर-वी (Honda CR-V) का टीजर जारी किया है। इसमें एडवांस्ड टेक्नोलॉजी और एक हाइब्रिड इंजन शामिल है। होंडा का कहना है कि 2023 सीआर-वी ज्यादा अट्रैक्टिव और रिफाइंड ड्राइविंग एक्सपीरियंस के साथ आएगी। इसमें आगे की तरफ चौड़े हेडलैम्प्स के साथ एक बड़ा, सीधा ग्रिल भी दिया गया है। सीआर-वी स्पोर्ट ब्लैक कलर के 18-इंच मल्टी-स्पोक अलॉय व्हील्स के साथ आएगी। कार के डैशबोर्ड के ऊपर 9.0-इंच टचस्क्रीन के साथ एक इंफोटेनमेंट सिस्टम शामिल है। जो एपल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो कनेक्टिविटी के साथ आता है। इसमें AC वेंट्स, ग्रे या ब्लैक लेदर सीटिंग और पियानो ब्लैक डैश ट्रिम पर हनीकॉम्ब इफेक्ट दिया गया है।
2023 सीआर-वी का इंजन और सेफ्टी
इसमें 1.5-लीटर फोर-सिलेंडर टर्बोचार्ज्ड इंजन मिलता है, जो एंट्री-लेवल मॉडल के लिए 187bhp का पावर जनरेट करता है। वहीं हाई एंड वैरिएंट केवल दो इलेक्ट्रिक मोटर्स के साथ हाइब्रिड 2-लीटर चार-सिलेंडर इंजन के साथ आते हैं। सेफ्टी के लिए इसमें स्टैंडर्ड ड्राइवर-असिस्ट टेक्नोलॉजी के एक बोटलोड से लैस करता है। इसमें स्टैंडर्ड ब्लाइंड-स्पॉट मॉनिटरिंग, ड्राइवर-अटेंशन मॉनिटर, ट्रैफिक-साइन रिकग्निशन और बैक-सीट रिमाइंडर जैसे फीचर्स मिलेंगे।
