मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया है, जिसमें सचिन वॉशरूम में बैट की ग्रिप धोते नजर आ रहे हैं। सचिन की पोस्ट के अनुसार, बैट की ग्रिप साफ करने का ये उनका स्पेशल तरीका है। पर भैया… जब फैंस ने देखा कि सचिन बल्ले की ग्रिप धोने में इतने मशरूफ हुए कि वह नल ही बंद करना भूल गए, जिसके बाद लोग मास्टर ब्लास्टर को पानी बचाने की सलाह देने लगे। बता दें, सचिन ‘2022 रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज टी20’ में इंडिया लीजेंड्स की कप्तानी कर रहे हैं। इसमें आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं, जो रोड सेफ्टी जागरूकता के लिए यह सीरीज खेली जा रही है। सचिन सेव वॉटर कैंपेन का हिस्सा रह चुके हैं, ऐसे में उनका पानी बर्बाद करना फैंस को पसंद नहीं आया।
यह वीडियो सचिन तेंदुलकर ने 13 सितंबर को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर साझा किया और कैप्शन में लिखा- बैट एंड म्यूजिक, ए कॉम्बो फॉर ए लाइफ टाइम। मतलब, बैट और संगीत का कॉम्बो पूरी जिंदगी के लिए है। इसके साथ ही वीडियो पर लिखा है कि बैट की ग्रिप साफ करने का मेरा स्पेशल तरीका। इस वीडियो को खबर लिखे जाने तक 2 लाख 27 हजार से अधिक व्यूज और 15 हजार से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं।
Bats ? & music ? a combo for a lifetime!#CricketTwitter pic.twitter.com/mVP83WNB3M
— Sachin Tendulkar (@sachin_rt) September 13, 2022
इस वायरल क्लिप में सचिन अपने बल्ले के हत्थे (हैंडल) की ग्रिप को साबुन लगाकर धो रहे हैं। बैकग्राउंड में बॉलीवुड सॉन्ग ‘कोई रोको ना…’ बज रहा है। इस बीच, वह ग्रिप को सावधानी से धोने की सलाह भी देते हैं ताकि बैट गीला ना हो जाए। वह ये भी कहते हैं कि संगीत मेरे साथ हमेशा रहता है, चाहे वह लता दीदी, आशा ताई, किशोर कुमार हों या आज के नए संगीतका। सभी गाने पसंद करता हूं और सुनता हूं। लेकिन जब सचिन बैट की ग्रिप को पानी से साफ कर रहे होते हैं तो वह नल चालू छोड़ देते हैं। यह देखकर सोशल मीडिया यूजर्स उन्हें पानी बचाने की सलाह देने लगे।
