ठहरिये! यह चिप्स खाने के बजाय किनारे रख दें और कुर्सी लेकर बैठ जाएं, क्योंकि हम नमक के बारे में बात कर रहे हैं और आपके पसंदीदा स्नैक्स- चाहे वह नमकीन हो, फ्रेंच फ्राइज हो, या चिप्स- आपकी जान ले सकता है. ब्रेड भी सुरक्षित नहीं है. सूप, मीट और तकरीबन कोई भी प्रोसेस्ड फूड सुरक्षित नहीं हैं.
जी हां, हम बहुत ज्यादा नमक खाने से सेहत को होने वाले खतरे आपके सामने रखने वाले हैं, और बताएंगे कि रोजाना सिर्फ कुछ मिलीग्राम ज्यादा सोडियम आपके हार्ट डिजीज और मौत के जोखिम को बढ़ा सकता है.
लेकिन, सभी बातें डराने वाली नहीं है, क्योंकि आप यह भी जानेंगे कि अपने खाने में नमक को नियंत्रित कैसे करें और क्यों इस पर नजर रखने की जरूरत है- चाहे आप फैट कम करना चाहते हैं, अपनी कार्डियक हेल्थ में सुधार करना चाहते हैं, या बस लंबी जिंदगी चाहते हैं.
यह नमक पर तीन- किस्तों की सीरीज का अंतिम हिस्सा है. हमने नमक की शुरुआत और मौजूदा समय में इसका किस लिए इस्तेमाल किया जाता है, इस बारे में विस्तार से बात की है.
अब नमक के बारे में कुछ डरावनी हकीकतों से रूबरू होंगे, और जानेंगे कि क्यों बहुत ज्यादा सोडियम मुसीबत को बुलावा है.
अब इससे पहले कि आप बोलें कि आप तो बहुत ज्यादा नमक नहीं खाते हैं, आइए साफ कर दें कि आप ज्यादा खाते हैं. जी हां! आप खाते हैं.
दुनिया भर में नमक खाने को लेकर 2009 में हुई एक स्टडी के मुताबिक अगर आप कैमरून, घाना, समोआ, स्पेन, ताइवान, तंजानिया, युगांडा या वेनेजुएला से नहीं हैं, तो आपके नमक का सेवन सुरक्षित बताए स्तर से बहुत ज्यादा है.
अध्ययन में पता चला कि दुनिया के ज्यादातर हिस्सों में लोग बहुत ज्यादा नमक खाते हैं. लेकिन अध्ययन में कहा गया है कि कम नमक खाने वाले देशों में भी स्टडी के सटीक तरीकों की कमी की वजह से नतीजे हकीकत को बयान नहीं कर रहे थे.
